अनियंत्रित होकर नहर में गिरी कार, बच्चे सहित 4 की मौत, रेस्क्यू जारी, देखें वीडियो

Written by

in

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में इजाफा हो रहा है। ताजा हादसा तीन पानी फायर स्टेशन के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक बच्चे सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद रेस्क्यू टीम ने क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला। घटनास्थल का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार को खींचते हुए देखा जा सकता है। प्रशासन ने तेज बारिश के बीच यात्रियों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि कार में कुल 7 लोग सवार थे। इनमें एक बच्चे समेत 4 लोगों की मौत हो गई है। तीन लोगों का उपचार चल रहा है। कार नहर मे गिरी और तेज बहाव होने के चलते  बह गई। पुलिस कार और मृतक लोगों के संबंध में जानकारी इकट्ठा कर रही है। ये लोग उधम सिंह नगर के किच्छा के रहने वाले थे। अनियंत्रित होकर जब कार नहर में गिरी तो पलट गई। कार में बैठे लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। ओवर फ्लो नहर का पानी तेजी से कार के अंदर घुस गया। कार मे सवार लोग नीचे के हिस्से में चले गए, जिस कारण चार लोगों की जान चली गई।
शहर के अन्य क्षेत्रों देवखड़ी, रक्सिया और कलसिया नालों में भी पानी का बहाव तेज़ है। इन क्षेत्रों में भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह खुद सुबह से ही फील्ड में डटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। निगम द्वारा पहले से ही नालों की सफाई करवा दी गई थी, जिस कारण अधिकांश जगहों पर जलभराव की स्थिति नहीं बनी है। जहां से भी शिकायतें मिल रही हैं, वहां टीमें तुरंत पहुंच रही हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सर्विस, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें भी अलर्ट मोड में हैं। लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और नालों या तेज बहाव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *