Shooter Song पर Reel बनाने के चक्कर में लड़के के साथ हुई वारदात, जानें मामला

Written by

in

कोटाः आजकल लोग फेमस होने के लिए ऐसे-ऐसे काम कर जाते हैं कि वह बड़ी-बड़ी परेशानी में फंस जाते हैं और कई बार तो वह अपनी जान तक गवां देते हैं। ऐसा ही मामला कोटा से सामने आया है जहां 3 लड़कों ने मशहूर होने के चक्कर में कोचिंग से लौट रहे स्टूडेंट को चाकू मारकर घायल कर दिया।

लड़कों ने वारदात को अंजाम देते हुए वीडियो भी बनाया और रील बनाकर अपने इंस्टा पर अपलोड किया। इसमें पंजाबी फिल्म शूटर का गाना लगाया कि थानेदार झुक के गल्ल करदा…, डीएसपी सैल्यूट करदा…। पुलिस ने शुक्रवार रात को ही 2 नाबालिग आरोपी को डिटेन किया है और एक लड़के को गिरफ्तार किया है। तीनों बदमाश प्रवृत्ति के हैं।

उद्योग नगर थाना इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने बताया कि इंदिरा गांधी कॉलोनी में रहने वाला छात्र शुक्रवार दोपहर अपने घर से साइकिल पर 3 किमी दूर स्थित कोचिंग गया था। वहां टेस्ट देने के बाद वह घर लौट रहा था। पीड़ित छात्र ने बताया कि डीसीएम श्रीराम रेंस फैक्ट्री के सामने पावर हाउस के मैदान में रास्ते में 3 लड़के खड़े थे। उन्होंने मुझे रोका और साइकिल से नीचे गिरा दिया। उसके साथ मारपीट करते हुए वीडियो भी बनाया।

एक लड़का वीडियो बना रहा था और दो मारपीट कर रहे थे। एक लड़के के हाथ में चाकू था। मैं उनसे छोड़ने और जाने देने की मिन्नतें करता रहा। उन्होंने मेरी बात नहीं मानी और पैरों पर चाकू से हमला कर दिया। इससे बाएं पैर में घुटने से ऊपर कट लगा, जिस पर 4 टांके आए हैं। घुटने से नीचे भी कट लगा है। यहां 3 टांके लगाए गए हैं।

लकी नरवाल नाम की इंस्टाग्राम आईडी से मारपीट और हमले का यह वीडियो शुक्रवार शाम अपलोड किया गया। इसमें पंजाबी गाना लगाया कि शूटर थानेदार झुक के बात करता, डीएसपी सैल्यूट करता। बाद में इसी आईडी से एक और पोस्ट शेयर की गई। इसमें लिखा था- फरार।

घायल स्टूडेंट ने बताया कि आरोपियों ने मेरे पास जो रुपए थे वह भी लूट लिए। जैसे-तैसे उन युवकों से छूटकर मैं चौराहे तक पहुंचा। दोबारा से उन्होंने मुझे पकड़ा। मैं चिल्लाने लगा। वहां पर भीड़ होने से उन लोगों ने मुझे छोड़ दिया। इसके बाद मैं अपने घर पर पहुंचा। परिवार वालों को पूरी घटना बताई। शुक्रवार शाम थाना उद्योग नगर में इन बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *