ऊना जिला के 8 परीक्षा केंद्रों में 2247 विद्यार्थी देंगे हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा

Written by

in

रविवार को 10 से 12 और दोपहर 2 से 4 बजे तक दो सेशन में होगी परीक्षा

ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा रविवार 29 जून को आयोजित की जा रही हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचपीएएस) प्रारंभिक परीक्षा-2025 के सुचारू एवं प्रभावी संचालन को लेकर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बैठक की।

बैठक में उपायुक्त ने बताया कि एचपीएएस परीक्षा के लिए ऊना जिले में 8 केंद्र बनाए गए हैं जिनमें कुल 2247 विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे। इन परीक्षा केंद्रों में राजकीय मॉडल सीनियर सकेंडरी स्कूल बहडाला, रॉकफोर्ड डे बोर्डिंग पब्लिक स्कूल रक्कड् कॉलोनी ऊना, लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष गर्ल्ज डिग्री कॉलेज कोटला खुर्द, एसएसआरवीएम रावमापा ऊना, राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना, राजकीय गर्ल्ज सीनियर सकेंडरी स्कूल ऊना, रावमापा छात्र ऊना और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ऊना (पीरनिगाह रोड़) शामिल हैं।

परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दोपहर 2 से सायं 4 बजे तक दो सेशन में आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए बीडीओ ऊना, केएल वर्मा, सीपीओ ऊना संजय सांख्यान और उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना सोम लाल को निरीक्षण अधिकारी चयनित किया गया है। इसके साथ ही उपायुक्त ऊना के सहायक दियालू को परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन को सुनिश्चित बनाने के लिए जिला समन्वयक की आधिकारिक रूप से सहायता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जतिन लाल ने बताया कि एचपीएएस परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सुचारु एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सुरक्षा, निष्पक्षता और पारदर्शिता संबंधी सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा पत्र पर निर्धारित समय और तिथि के मुताबिक दर्शाए गए परीक्षा स्थल पर पहुंचने की अपील की है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *