Punjab News: बहू पर तेजाब फेंककर हुआ फरार, बुरी तरह से झुलसी महिला

Written by

in

कोटकपूराः फरीदकोट जिले के कोटकपुरा शहर में एक ससुर द्वारा अपनी विधवा बहू पर तेजाब फेंकने की घटना सामने आई है। इस घटना में वह महिला बुरी तरह झुलस गई। झुलसी महिला को इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल फरीदकोट में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटकपूरा के दुआरेयाना रोड की रहने वाली विधवा महिला इन दिनों अपने मायके में रह रही थी और कोटकपूरा के एक निजी स्कूल में सफाईकर्मी के पद पर काम कर रही थी।

शनिवार सुबह वह एक अन्य महिला के साथ स्कूल ड्यूटी पर जा रही थी। जब वह स्कूल के पास पहुंची तो उसके ससुर धीरू ने उस पर तेजाब फेंक दिया। जब महिला चिल्लाई तो आरोपी मौके से भाग गया और आसपास मौजूद लोग उसे पहले कोटकपुरा के सिविल अस्पताल ले गए, जहां से उसे फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

इस मामले में प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. दीपक भट्टी ने बताया कि महिला के चेहरे, आंख और हाथ पर तेजाब डाला गया है। हालांकि उनकी जान खतरे में नहीं दिख रही है, लेकिन घाव गंभीर है और आपात्कालीन स्थिति में उनका इलाज किया जा रहा है। दूसरी ओर घटना की सूचना कोटकपुरा थाने की पुलिस को दे दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *