कैंटर और बाइक की टक्कर में 4 बच्चों सहित 5 की मौत, देखें वीडियो

Written by

in

हादसे से पहले पत्नी के साथ डांस करता दिखा दानिश

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में कैंटर और बाइक में भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दरअसल, सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 बच्चों सहित 5 लोगों की मौत हो गई।यह हादसा उस वक्त हुआ जब ये लोग स्विमिंग पूल से नहाकर एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कैंटर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा के रहने वाले दानिश अपने परिवार के 4 बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।

उनके साथ परिवार के कुछ अन्य लोग भी अलग-अलग वाहनों पर थे। हादसा हाफिजपुर थाना क्षेत्र के बुलंदशहर रोड पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कैंटर ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए और कैंटर ने उन्हें रौंद दिया। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। वहीं हादसे से कुछ देर पहले दानिश पत्नी के साथ डांस करते हुए दिखाई दिए, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। लेकिन किसी को नहीं पता था कि अगले ही पल में दानिश की मौत हो जाएगी। हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में 10 साल की समायरा, 11 साल की मायरा, 8 साल का समर (पुत्र सरताज) और 9 साल का माहिम (पुत्र वकील) शामिल हैं। हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। गमगीन माहौल में लोग मृतकों की सलामती की दुआएं मांग रहे थे, लेकिन डॉक्टरों ने सभी की मौत की पुष्टि कर दी। इस हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। हापुड़ के एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि दानिश एक बाइक पर चार बच्चों के साथ स्विमिंग पूल से लौट रहे थे। हाईवे पर तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बाइक चालक ने हेलमेट भी नहीं पहना था। इस दुखद घटना ने पूरे हापुड़ में शोक की लहर दौड़ा दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *