ट्रक से टकराई मंत्री की पायलट गाड़ी, ASI सहित 3 पुलिसकर्मी घायल

Written by

in

हिसार: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री की पायलट गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार देर रात कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा की पायलट गाड़ी की ट्रक से हुई टक्कर में एएसआई सहित 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल तीनों पुलिस कर्मियों को उपचार के लिए हांसी नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हिसार के अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। वहीं सभी घायलों का उपचार चल रहा है।

दरअसल, हादसा देर रात करीब 2:00 बजे हिसार दिल्ली नेशनल हाईवे पर गांव गढ़ी के पास हुआ। मंत्री रणबीर गंगवा रात करीब 1:00 बजे नारनौल से नेशनल हाईवे 152 D से होते हुए हिसार की ओर जा रहे थे। इस दौरान हांसी जिला पुलिस की पीसीआर ने गांव गढ़ी से हांसी के रामायण टोल प्लाजा तक मंत्री के काफिले को पायलट किया, मंत्री के काफिले को रामायण टोल प्लाजा तक छोड़कर यह गाड़ी वापस गांव गढ़ी की तरफ जा रही थी, तभी गढ़ी गांव के पास ब्रेकर पर आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया।

जिससे पायलट गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से टकरा गई। हादसे में 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। हादसे के बाद सोरखी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद से ट्रक ड्राइवर फरार है। वहीं, हादसे के बाद घायल सब इंस्पेक्टर राजकुमार और कांस्टेबल विजय को पहले हांसी के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हिसार रेफर कर दिया गया। तीसरे घायल धर्मपाल को उनके परिजन निजी अस्पताल हिसार ले गए हैं, वहां धर्मपाल का इलाज हो रहा है। बता दें कि कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा कल रेवाड़ी पहुंचे थे। रेवाड़ी में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रजापति समाज के लोगों के साथ मंत्रीजी ने बैठक की थी। उन्हें भिवानी में होने वाले महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती के राज्य स्तरीय समारोह के लिए न्योता दिया गया था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *