ट्रेलर हादसाग्रस्त: Cabin तोड़ते हुए अंदर घुसे लोहे के पाइप, ड्राइवर सहित 2 की दर्दनाक मौत, देखें वीडियो

Written by

in

बालेसरः भारतमाला एक्सप्रेस हाईवे पर लोहे के पाइप से भरा हुआ एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया जिससे ट्रेलर में पीछे रखे पाइप केबिन को तोड़ते हुए आगे आ गए। वहीं केबिन में बैठे ड्राइवर और खलासी की मौत हो गई। ट्रेलर ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हादसा हो गया। घटना जीया बेरी गांव के पास शनिवार सुबह 8.30 बजे की है। हेड कॉन्स्टेबल भरत सिंह चारण ने बताया लोहे के पाइप से भरा एक ट्रेलर हरियाणा से अहमदाबाद जा रहा था। इस दौरान जीया बेरी गांव के पास ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई जिससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर में पीछे भरे हुए लोहे के पाइप केबिन को तोड़ते हुए अंदर घुस गए जिससे केबिन में बैठे ड्राइवर प्रिंस (35) पुत्र पोल सिंह निवासी लिलोवाडा संगरूर पंजाब और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घटना की सूचना बालेसर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बालेसर पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल भरत सिंह चारण, राजेंद्र सिंह बरजासर सहित पुलिस टीम और नेशनल हाईवे की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए बालेसर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *