भुट्टो ने निजी खर्चे से भेजीं मंडी आपदा पीड़ितों के लिए 40 राशन किटें

Written by

in

इस समय प्रदेश में आपदा की बड़ी स्थिति,राजनीति से हटकर पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आएं आगे सभी: दविंदर भुट्टो 

ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में आई प्राकृतिक आपदा ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस संकट की घड़ी में जहां सरकारें राहत कार्यों में जुटी हैं, वहीं सामाजिक व राजनीतिक संगठन भी सहायता के लिए आगे आ रहे हैं। कुटलैहड़ भाजपा मंडल की तरफ  से 40 किटें कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने अपनी निजी आय से खर्चकर भेजी। उन्होंने इस आपदा को राजनीति से ऊपर उठकर देखने की अपील की है और समाज के हर वर्ग से अनुरोध किया है कि वह पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए आगे आएं।

पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने कहा कि यह अभी शुरुआत है। हमारे कुटलैहड़ के सभी कार्यकर्ता एवं अन्य पदाधिकारी मंडल के सदस्यों द्वारा राशन किटें तैयार की जा रही है और मुझे उम्मीद है कि पीड़ित परिवारों को राहत की राशन कीटों का आंकड़ा कुटलैहड़ विस क्षेत्र में दो सौ से पार होगा। भुट्टो ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों, विशेष रूप से मंडी जिले में, भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई घरों को नुकसान पहुंचा है, लोगों की आजीविका छिन गई है, और अनेक परिवार राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। ऐसी परिस्थिति में सहायता के लिए आगे आना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। भुट्टो ने कहा कि इस समय राजनीति से ऊपर उठकर हमें मानवता के नाते एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए। जब कोई संकट आता है तो उसका असर केवल एक वर्ग या समुदाय पर नहीं होता, बल्कि समाज के हर तबके को उसका सामना करना पड़ता है। ऐसे में हमें एकजुट होकर पीड़ितों को राहत पहुंचानी चाहिए।

भाजपा नेता दविंदर भुट्टो ने कहा कि भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और मंडलों को आदेश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से राशन, दवाइयां, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री एकत्र कर आपदा पीड़ितों तक पहुंचाएं। इसी आदेश के तहत कुटलैहड़ भाजपा मंडल ने 66 राशन किटें तैयार कीं, जिनमें आटा, चावल, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, नमक व अन्य जरूरी खाद्य सामग्री शामिल थी।

कुटलैहड़ मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ ने जानकारी दी कि इन किटों को भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से मंडी जिले के उन गांवों में पहुंचाया गया है, जहां तक सरकार की राहत सामग्री अभी तक सीमित मात्रा में ही पहुंची है। उन्होंने बताया कि इस पहल को जन सहयोग भी प्राप्त हुआ, जिससे कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा सका। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़, उपाध्यक्ष राज कुमार मनकोटिया, महामंत्री श्याम चंदेल,विजय कुमार, सूरम सिंह राजेंद्र ठाकुर, सुभाष शास्त्री,सुशील रिंकू,अरुण मनकोटिया,अनिल कुमार,रोहित रॉकी,रोहित ठाकुर,कुलदीप शर्मा आदि गणमान्य मौजूद रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *