बंगाणा: भाजपा कार्यालय में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, श्रद्धांजलि सभा आयोजित

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विस स्थित बंगाणा भाजपा कार्यालय होटल करण राज में  भारत माता के सच्चे सपूत और एकात्म राष्ट्रवाद के प्रणेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने मुख्यतिथि के रूप में उपस्थित होकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और उनके विचारों को याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई।

इसके पश्चात सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भुट्टो ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए एक आदर्श और प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने जिस राष्ट्रवाद, एकता और अखंडता की बात की, वो आज भी भाजपा की मूल आत्मा में बसी है।उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका नारा “एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे” आज भी जन-जन की चेतना को झकझोरता है।

इस कार्यक्रम में कुटलैहड़ क्षेत्र के अनेक भाजपा पदाधिकारी, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की सदस्याएं तथा वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. मुखर्जी के विचारों को आत्मसात करने और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़, रणबीर राणा,ज्योति शर्मा,सूरम सिंह,अनिल पटियाल सुदर्शन शर्मा के अलावा अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *