8 लाख के इनामी माओवादी स्नाइपर सोढ़ी कन्ना की मुठभेड़ में मौत

Written by

in

बीजापुरः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। मारा गया नक्सली नक्सलियों की मिलिट्री कंपनी का स्नाइपर बताया जा रहा है। 8 लाख के इनामी माओवादी सोढ़ी कन्ना को मुठभेड़ में मार गिराया गया। यह मुठभेड़ बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई, जहां माओवादी कैडरों की सक्रियता की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया था।

मारा गया नक्सली सोढ़ी कन्ना था, जो जगरगुंडा थाना क्षेत्र के किस्टारम का रहने वाला था। इस मुठभेड़ को सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। क्योंकि सोढ़ी कन्ना लंबे समय से कई नक्सली वारदातों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। सुरक्षाबलों की हिट लिस्ट में शामिल था। मुठभेड़ स्थल से हथियार और अन्य माओवादी सामग्री भी बरामद की गई है।

सुरक्षा बलों के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि मारा गया माओवादी लंबे समय से क्षेत्र में हिंसक वारदातों में सक्रिय था और सुरक्षा बलों पर हमलों में शामिल रहा है। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है। इस बीच, बीजापुर जिले के मोदकपाल थाना क्षेत्र के चिन्नाकोडेपाल गांव में बीती रात माओवादियों ने एक और वारदात को अंजाम दिया है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, माओवादियों ने गांव के पूर्व सरपंच और वर्तमान वार्ड पंच विजय जव्वा की धारदार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी है।

हत्या के बाद माओवादियों ने उनका शव गांव के मुख्य रास्ते पर फेंक दिया, जिससे ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। माना जा रहा है कि माओवादियों ने जनअदालत लगाकर यह हत्या की है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *