आज फिर फटे बादल, बाढ़ जैसे बनें हालात, पैदल चलने वाले रास्ते हुए बंद, देखें वीडियो

Written by

in

चंबा: हिमाचल प्रदेश में बरसाती आफत थमने का नाम नहीं ले रही है। जिला मंडी में भारी तबाही के बाद चंबा में भी मंगलवार सुबह बादल फटा। बादल फटने के बाद आए सैलाब में सड़कों और खेतों को नुकसान पहुंचा है। चुराह के पंगोला नाला में बादल फटा है। इस कारण दो पंचायतों गडफरी और थली का पूरी तरह से संपर्क कट गया है। सुबह करीब छह बजे भारी वर्षा हुई और अचानक पंगोला नाले में सैलाब आ गया। इस कारण क्षेत्र का मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।

चुराह उपमंडल की चरोड़ी पंचायत में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब पंगोला नाला में बादल फटने की घटना सामने आई। हालात बाढ़ आने जैसे बनने पर लोग काफी हद तक सहम उठे। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन किसानों के खेतों में लगी फसलों में पानी भर जाने से उन्हें काफी नुकसान हुआ है। बादल फटने की घटना का वीडियो भी सामने आया है। यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है‌।

वहीं बादल फटने से नाले में बाढ़ में गडफरी व थल्ली पंचायतों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग बह गया है। ऐसे में उक्त पंचायतों का आपस का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। गनीमत यह रही कि जिस समय बादल फटा, उस वक्त मार्ग से कोई भी वाहन नहीं गुजर रहा था। चंबा के पंगोला नाले में बादल फटने के बाद मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण क्षेत्र में जाने वाली एचआरटीसी व निजी बसें फंस गई हैं। अन्य छोटे वाहन भी आवाजाही नहीं कर पा रहे हैं।

इस घटना से क्षेत्र के लोग बुरी तरह से सहम गए हैं। हाल ही में चुराह की ग्राम पंचायत बघेईगढ़ व टिकरीगढ़ में भी बादल फटने की एक ही दिन में दो घटनाएं भी सामने आई थीं। इससे नकरोड़-चांजू मार्ग पर बना पुल बह गया था, जिससे पूरा दिनभर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही थी। हालांकि, देर शाम तक लोक निर्माण विभाग की ओर से वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कर दी गई थी। वहीं, टिकरीगढ़ के बंधा नाला में भी बादल फटा था, जिस कारण लोगों की जमीन को भारी नुकसान हुआ था।

 

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *