दोस्त की आंखों के सामने डैम में डूबा युवक, देखें वीडियो

Written by

in

भोपालः कलियासोत डैम में एक युवक के डूबने का मामला सामने आया है। करोंद निवासी विशाल नारायण नायडू (32) दोस्तों के साथ नहाने गया था। कुछ देर बाद उसकी सांस फूलती है तो वह दोस्त का सहारा लेने की कोशिश करता है, लेकिन अगले ही पल डूब जाता है। विशाल नारायण नायडू करौंद इलाके में निजी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम जॉब कर रहा था। हादसे के वक्त वह अपने 3 दोस्तों के साथ डैम पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्तों में सिर्फ विशाल को ही तैरना आता था। घटना सुबह करीब 9 बजे की है। विशाल के दोस्तों ने हादसे का एक वीडियो भी बनाया, जो अब सामने आया है। 1 मिनट 23 सेकेंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि विशाल पानी में कूदता है और करीब 41 सेकेंड तक तैरने के बाद डूब जाता है। वीडियो में विशाल का एक दोस्त पानी में खड़ा दिखाई देता है, जिसके पास तैरते हुए विशाल आता है। तभी वीडियो बना रहा दूसरा दोस्त कहता है कि सांस फूल रही है, उसे पकड़। यह सुनते ही विशाल पानी में खड़े दोस्त के कंधे का सहारा लेने की कोशिश करता है, लेकिन उसी पल वह डूब जाता है। हादसे के बाद घबराए दोस्तों ने फौरन पुलिस को कॉल कर सूचना दी। मौके पर रातीबड़ थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम पहुंची। कुछ देर की मशक्कत के बाद विशाल का शव बाहर निकाला गया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। सब हैरान हो रहे हैं कि तैरना जानने के बावजूद वह खुद को नहीं बचा सका।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *