Punjab News: डेयरी पर सेहत विभाग की Raid, 125 किलो पनीर जब्त, देखें वीडियो

Written by

in

सोया चाप के फैक्ट्री को करवाया बंद

लुधियानाः जिले में आज सेहत विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर रेड की। सेहत विभाग की टीम ने एक सोया चाप की फैक्ट्री को भी बंद करवाया। जमीन पर रखकर सोया चाप तैयार की जा रही थी। खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक सख्त कार्रवाई के तहत, लुधियाना की फूड सेफ्टी टीम ने ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) डॉ. अमरजीत कौर की निगरानी में ये कार्रवाई की है। शहर में खुलेआम खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन रेड दौरान पाया गया। सबसे पहले सेहत विभाग ने हम्बड़ा रोड पर लगे नाके से चैकिंग की शुरूआत की। जहां अधिकारियों ने दूध ले जा रहे वाहनों को रोककर गुणवत्ता जांच के लिए दूध के 4 सैंपल लिए। इसके बाद टीम ने चेत सिंह नगर की एक डेयरी पर छापा मारा, जहां गुणवत्ता को लेकर संदेह के चलते 125 किलो पनीर जब्त किया गया। पनीर और घी के नमूने भी लैब जांच के लिए लिए गए। टीम ने एक मोज़रेला पनीर बनाने वाली फैक्टरी की भी जांच की, जहां खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए मोज़रेला पनीर और घी के सैंपल लिए गए। सबसे गंभीर उल्लंघन लोहारा इलाके में एक सोया चाप बनाने वाली फैक्टरी में सामने आया। यह फैक्टरी अत्यंत गंदगी और घिनौने हालात में संचालित हो रही थी। यहां आवश्यक आर.ओ. वाटर प्लांट भी नहीं था, और उत्पादन का माहौल जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बना हुआ था। अधिकारियों ने तुरंत अस्वच्छता का चालान काटा, सारा उत्पादन सामग्री जब्त की, और फैक्टरी को बंद करने का आदेश दिया। इसके साथ ही, फैक्टरी में मौजूद 1.25 क्विंटल सोया चाप को नष्ट कर दिया गया। डॉ. अमरजीत कौर ने कहा कि लुधियाना के नागरिकों का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। यह छापेमारी मिलावट रोकने और खाद्य स्थलों पर सफाई के नियम लागू करने के लिए ज़रूरी थी। हम जनस्वास्थ्य को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *