कैंट में दीवान पब्लिक स्कूल की बस पर डंडों से किया हमला, तोड़े शीशे, देखें वीडियो

Written by

in

मेरठः बेगमपुल के पास कैंटोनमेंट अस्पताल के सामने एक स्कूल बस ने गाजियाबाद के कांवड़ियों को टक्कर मार दी। चार कांवड़िये घायल हो गए और हादसे के बाद गुस्साए कावंड़ियों ने पुलिस के सामने ही बस पर हमला कर दिया। डंडे लेकर बस का शीशा तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस-प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। तुरंत कैंटोनमेंट अस्पताल में घायलों का उपचार करा पुलिस जीप से आगे छुड़वाया। वहीं, कांवड़ियों के साथ दूसरी घटना कंकरखेड़ा के शोभापुर में हुई, जहां दो कांवड़िये हादसे में घायल हो गए। गाजियाबाद निवासी कांवड़ियों की टोली हरिद्वार से जल लेकर गंतव्य की ओर जा रही थी। इस दौरान बेगमपुल के पास कांवड़िये पानी पीने रुके थे। कैंट स्थित दीवान पब्लिक स्कूल की बस ने सड़क किनारे खड़े कांवड़ियों को टक्कर मार दी। बाकी कांवड़ियों ने बस रोकने का प्रयास किया और सामने वाले शीशे पर हाथ मार दिया। इसके बाद कांवड़िये बस में चढ़ गए और पुलिस के सामने डंडे लेकर शीशे तोड़ डाले। अफरातफरी मच गई। बेगमपुल चौकी पुलिस समेत सेक्टर मजिस्ट्रेट और सीओ कैंट मौके पर दौड़े। एलआईयू भी पहुंच गई। किसी तरह कांवड़ियों को शांत कराया और बस को आगे बढ़ाया। घायल कांवड़िये अभिषेक निवासी गांव गालंद गाजियाबाद, संदीप निवासी फरीदनगर गाजियाबाद, बॉबी निवासी फरीदनगर गाजियाबाद और अमित निवासी मंसूरपुर घायल हो गए। किसी के हाथ में चोट आई और किसी को पैर में कांच लगा। उपचार के बाद पुलिस जीप में इनको आगे बढ़ाया गया। वहीं, दीवान पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य एके दुबे का कहना है कि यह पर्व साथ मिलकर चलने का पर्व है। बस बच्चों को छोड़कर आ रही थी। बड़ा हादसा होने से टला। जिला प्रशासन को अवकाश घोषित कर देना चाहिए। आज स्कूल सहोदय बैठक कर अवकाश पर निर्णय लेगा। सभी कांवड़ियों के पास बड़े-बड़े गंगाजल के कलश थे। वजन ज्यादा होने के कारण लगातार बदल-बदल कर कांवड़िये जल उठा रहे थे। अब चार कांवड़ियों के घायल होने के बाद टोली को परेशानी होने लगी। हालांकि टोली रुकी नहीं और गाजियाबाद रवाना हो गई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *