Punjab News: भारी बारिश से ढहा मकान, मलबे में धसने से व्यक्ति की मौत, देखें वीडियो

Written by

in

मोगाः जिले के कस्बा बाघापुराना में पिछले 2 दिनों से लगातार हो रही बारिश जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दे रही है, वहीं दूसरी ओर यह कुछ लोगों के लिए मुसीबत बनकर भी आई है। मोगा के बाघापुराना कस्बे के प्रजापत बस्ती में बारिश के चलते एक मकान गिरने का मामला सामने आया है। इस हादसे में घर के प्रमुख सोम कुमार (40) मलबे के नीचे दब गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय घर में सोम कुमार के अलावा उनकी पत्नी, बेटा और बेटी भी सो रहे थे जो सुरक्षित बच गए।

सोम कुमार गांव-गांव जाकर प्राइवेट सफाई कर्मी का काम करते थे। वे पिछले ढाई साल से इसी मकान में किराए पर अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में 3 बेटियां और एक बेटा है। 2 बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि एक बेटा और एक बेटी अभी पढ़ाई कर रहे हैं।

मृतक के बेटे अनिकेत ने बताया कि हादसा रात करीब ढाई बजे हुआ। उनके पिता मकान की बालकनी में सो रहे थे और वह खुद, उनकी छोटी बहन व माता एक कमरे में सो रहे थे। अचानक मकान गिरने से चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और सबकी मदद से लगभग 15-20 मिनट में उनके पिता को मलबे से बाहर निकाला गया तथा तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सोम कुमार को मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता ही पूरे घर का खर्च चलाते थे। अब उनके निधन के बाद घर की सारी जिम्मेदारियां उस पर आ गई हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उन्हें आर्थिक सहायता दी जाए तथा कोई नौकरी या रहने के लिए मकान उपलब्ध कराया जाए ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *