पुलिस ने चार घंटे में सुलझाई चोरी की वारदात, आरोपी युवक काबू

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के अंतर्गत आते बहडाला गांव में चोरी की वारदात को पुलिस ने चार घंटे के भीतर सुलझा लिया व मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए गहने व 20 हजार रुपये की नकद राशि बरामद की है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया ने बताया कि गांव बहडाला निवासी वीरेंद्र कुमार 16 जुलाई को अपनी पत्नी व पुत्र के साथ काम पर गया हुआ था। जब वे घर लौटे, तो उन्होंने पाया कि घर का पिछला दरवाजा टूटा हुआ था और अलमारी का लॉकर भी तोड दिया था। जब जांच की गई तो उसमें रखे गए सोने-चांदी के गहने और नकद 20,000 रुपये गायब पाए गए। चोरी किये गए सामान की कुल कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और जांच शुरू की।

वहीं पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रितिक पुत्र रामलाल निवासी सफावादी गेट, घुंगियां बस स्टैंड रोड, पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने परिवार सहित बहडाला क्षेत्र में अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए सीसीटीवी और गुप्त सूत्रों का सहारा लेते हुए आरोपी को कब्जे में ले लिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *