पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल को विधायक ने दी श्रद्धांजलि, परिवार को बंधाया ढांढस

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: चिंतपूर्णी के पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल के निधन पर उनकी अंतिम यात्रा में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा भी इस दुखद क्षण में शामिल हुए और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भरवाल परिवार से मिलकर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और गहरी संवेदना प्रकट की। विधायक विवेक शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि स्वर्गीय गणेश दत्त भरवाल एक सच्चे जनसेवक थे जिन्होंने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा में समर्पित किया। वह सरल स्वभाव, मजबूत विचार और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित भावना के प्रतीक थे। उनके कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए, जो आज भी लोगों की यादों में जीवित हैं। विवेक शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि उनके पिता, स्वर्गीय रामनाथ शर्मा और स्व. गणेश दत्त भरवाल के बीच गहरे पारिवारिक और आत्मीय संबंध थे। दोनों ने अपने-अपने समय में जनता की भलाई के लिए कार्य किया और एक-दूसरे के विचारों का सम्मान किया। स्वर्गीय भरवाल जी का जाना न केवल चिंतपूर्णी क्षेत्र के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है,” विधायक ने कहा। उन्होंने कहा कि स्व. भरवाल जी ने जो जीवन मूल्यों, ईमानदारी और सेवा की भावना के आदर्श स्थापित किए, वे आज के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी और उनके समाधान के लिए संघर्ष किया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे और उन्होंने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। गणेश दत्त भरवाल की सादगी, विनम्रता और सेवा भावना को हमेशा याद रखा जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *