Punjab News: व्यक्ति का चाकू मारकर कत्ल, पड़ोसी पर लगे आरोप

Written by

in

लुधियानाः ग्यासपुरा की मक्कड़ कालोनी में युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार उसके पड़ोस में रहते व्यक्ति ने घटना को अंजाम दिया। रात करीब सवा 10 बजे उसका शव सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतक के चेहरे, होंठ के नीचे और गले पर चाकूओं से वार किए गए है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय नंदलाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक मक्कड़ कालोनी में वेहड़े में रहता है।

वेहड़े में उसके पड़ोसी कमरे वाले को उस पर शक है कि उसकी पत्नी के साथ नंदलाल के अवैध संबंध है जिस कारण उसने चाकू से उस पर हमला कर दिया। नंदलाल टायर फैक्ट्री में काम करता है। जानकारी मुताबिक बीते दिन वह अपने कमरे में सो रहा था। देर रात उसकी हत्या कर दी गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसी अपनी पत्नी तथा अन्य सदस्यों के साथ बैग व सामान लेकर अचानक वेहड़ा छोड़कर रेलवे स्टेशन जाने लगा। जिस कारण वेहड़े के मालिक जसपाल सिंह व अन्य को शक हुआ कि अचानक वह वेहड़ा छोड़ कर क्यों जाने लगा है।

तभी वेहड़े में ही रहते एक अन्य व्यक्ति ने नंदलाल के कमरे में जाकर देखा तो वह हैरत में रह गया। उसने देखा कि नंद लाल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा है। उस व्यक्ति ने शोर मचाया और सभी लोगों को इक्ट्ठा किया। वेहड़ा मालिक जसपाल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अन्य लोगों के साथ रेलवे स्टेशन गया। जहां अन्य लोगों की मदद से किराएदार को ढूंढा तो वह मिल गया। पुलिस ने हत्या करने वाले पड़ोसी और उसकी पत्नी को काबू कर लिया है। उधर, नंदलाल के शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

वेहड़े के लोगों के मुताबिक नंदलाल की हत्या से पहले वेहड़े में रहते व्यक्ति और उसकी पत्नी में काफी झगड़ा भी हुआ। शक है कि उसी विवाद के कारण महिला के पति ने नंदलाल की हत्या कर दी है। उधर, पुलिस चौकी ग्यासपुरा के इंचार्ज चांद अहीर ने कहा कि शव कमरे में पड़ा मिला है। चाकूओं के निशान भी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पुलिस इस केस में जल्द खुलासा करेगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *