Punjab News: कुछ घंटों में सुलझी कत्ल की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार, सामने आई ये वजह, देखें वीडियो

Written by

in

अमृतसरः इस्लामाबाद इलाके में कत्ल की घटना सामने आई है। दरअसल, देर रात हुए कत्ल के मामले में गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार रात के समय कृष्ण नामक युवक की तेजधार हथियार से हमला करके हत्या कर दी गई। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी जेएस वालियां ने बताया कि मृतक कृष्ण किराने की दुकान चलाता था। घटना वाले दिन शाम को इलाके में एक झगड़ा हुआ था, जिसे कृष्ण ने ही सुलझाया था और दोनों पक्षों ने बीच-बचाव कर समझौता किया था।

लेकिन रात को मामला फिर चर्चा का विषय बना और कृष्ण की दुकान के सामने रहते मुख्य आरोपी मन्ना ने गुस्से में आकर उस पर दातर से हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि हत्या का कारण मन्ना के मन में पनप रहा शक था। उसे लगता था कि कृष्ण की दुकान पर बैठे कुछ लोग उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखते हैं। मन्ना ने पुलिस को बताया कि इलाके के कुछ युवक कृष्ण की दुकान पर बैठते थे और उसे शक था कि उनका उसकी पत्नी के साथ कोई गलत संबंध हो सकता है।

यही बात शक की जड़ बनी और आखिरकार हत्या जैसी घटना हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मन्ना को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ कृष नामक 18 वर्षीय एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। वहीं अन्य आरोपियों में दीपू, जसवाल और टिक्की के नाम एफआईआर दर्ज की गई है और उनकी तालाश में छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी पुलिस कमिश्नर ने विशेष टीमें गठित की हैं। घटना की जांच, गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरी सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि बाकी आरोपी भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *