Punjab News: कंपनी गार्डन के पास पुलिस और बदमाशों में चली गोलियां, देखें वीडियो

Written by

in

अमृतसरः पंजाब पुलिस द्वारा लगातार क्राइम की वारदातों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से लूटपाट और अन्य क्राइम की वारदातों को ट्रेस करने के दौरान आरोपी पुलिस पर फायरिंग कर रहे है। हालांकि पुलिस अधिकारी मुस्तैदी दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई में फायरिंग के दौरान आरोपियों की कोशिशों को नाकाम कर रहे है। वहीं आज सुबह भी पुलिस और बदमाश के बीच कपंनी गार्डन के पास मुठभेड़ हो गई।

जिसमें फायरिंग के दौरान आरोपी को गोली लग गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। उसकी टांग में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार ये एनकाउंटर सुबह 4.30 बजे कंपनी गार्डन के पास पुरानी बच्चा वार्ड के बिल्कुल सामने हुआ। जांच के लिए पुलिस ने अब क्रिस्टल चौक से बच्चा वार्ड की तरफ आने वाले रूट को बंद कर रखा है। वहीं, आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह के तौर पर हुई है, जो स्नैचिंग व फिरौती मांगने के मामलों में वांटेड था।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने बताया कि यह गैंग एक व्यापारी से फिरौती वसूलने के लिए व्यापारी की बिल्डिंग के ऊपर गोलीबारी करके उसकी वीडियो बनाकर धमकियां दे रहा था। 21 जुलाई को थाना सदर में मामला दर्ज किया गया था और इस संबंध में आरोपियों में से 2 आरोपियों ने सीधे फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि जब दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए आज सुबह पुलिस कंपनी बाग के पास पहुंची, तो इस दौरान आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ़ हेप्पी और सिमरतपाल ने मुकाबले के दौरान पुलिस की गाड़ी से हथियार छीनने की कोशिश की। इस दौरान एएसआई बलविंदर सिंह ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।

यह गैंग विदेश में बैठे सुखदेव सिंह नामक व्यक्ति से संबंधित था, जो स्पेन या यूरोप में रहता है। वह ई-काल्स के माध्यम से फिरौती की मांग कर रहा था। गैंगस्टर डूनी बल का नाम लेकर अन्य व्यापारियों पर दबाव बनाने की भी कोशिश की गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विदेश में रहने वाले सुखदेव सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है। गैंग के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और अन्य हथियारों की भी बरामदगी की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *