सोम ललित स्कूल की चौथी मंजिल से 10वीं कक्षा की छात्रा ने लगाई छलांग, देखें CCTV

Written by

in

अहमदाबादः गुजरात के अहमदाबाद में नवरंगपुरा स्थित स्कूल में 16 वर्षीय छात्रा ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। उक्त छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ती थी। छात्रा के साथ पढ़ते उसके दोस्तों ने कहा वह पूरी तरह से ठीक थी। छात्रा के चौथी मंजिल से कूदने पर उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। इस घटना के हर कोई सकते में हैं कि आखिर छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया? तो वहीं परिवारवालों के आंसू नहीं थम रहे हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार नवरंगपुरा स्थित सोम ललित स्कूल की 16 साल की उम्र की 10वीं की छात्रा ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी। घटना के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसे आईसीयू में रखा गया था। पुलिस के अनुसार यह घटना स्कूल में ब्रेक के दौरान हुई। सोम ललित स्कूल के प्रबंधन के अनुसार छात्रा ने 5 साल पहले इस स्कूल में प्रवेश लिया था। नवरंगपुरा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ए ए देसाई ने कहा कि जब पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची, तब लड़की बेहोश थी और उसकी हालत गंभीर थी। सीसीटीवी फुटेज में छात्रा सामान्य दिख रही है। वह जब स्कूल के कॉरीडोर में चल रही तो हाथ में चाभी का रिंग को घुमा रही है और वह ग्रिल पर चढ़कर कूद जाती है।

यह सब इतनी तेजी से हाेता है कि आसपास मौजूद दूसरे छात्र कुछ नहीं कर पाते हैं। सीसीटीवी में दिख रहा है कि छात्रा के कूदते ही अफरा-तफरी मच जाती है। छात्राएं और शिक्षिकाएं नीचे की तरफ भागते हैं। चौथीं मंजिल से गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। उसे मस्तिष्काघात हुआ और उसके हाथ-पैर टूट गए। पहले उसे पास के अस्पताल में ले जाया गया। इसके बाद लड़की के माता-पिता थलतेज के अस्पताल में ले गए लेकिन डॉक्टर बेटी की जिंदगी नहीं बचा पाए। नवरंगपुरा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ए ए देसाई के अनुसार छात्रा के आत्महत्या करने की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

हम घटना के बारे में और जानकारी जुटा रहे हैं। देसाई ने कहा कि फिलहाल हमें किसी गड़बड़ी का संदेह नहीं है, फिर भी हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। उसने यह कदम क्यों उठाया, इस पर अभी टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। हम उसकी पृष्ठभूमि जानने के लिए उसके माता-पिता और शिक्षकों से बात करेंगे। पुलिस स्कूल की सीसीटीवी भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े छात्रों, शिक्षकों और अन्य लोगों से और जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *