विधायक विवेक शर्मा ने जोगी पंगा कार्यालय में सुनी जन समस्याएं, समाधान करने के आदेश

Written by

in

जन समस्याओं का घर द्वार समाधान करने के लिए बचनबद्ध: विवेक शर्मा 

ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने रविवार को कार्यालय स्थित जोगी पंगा में जनता की जन समस्याएं सुनीं। स्थानीय निवासियों ने अपनी जरूरतमंद एवं बरसात के कारण हुई क्षति से संबंधित कई मुद्दे विधायक विवेक शर्मा  के समक्ष रखे। जन संवाद के बाद विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ विधान सभा क्षेत्र का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और आम जनता से सीधे संवाद कर समस्याएं सुनीं। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर है और समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने जानकारी दी कि कुटलैहड़ क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित समूर पेयजल योजना के तहत अब 3.90 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक जनरेटर लगाया जा रहा है, जिससे बिजली बाधित होने की स्थिति में भी पेयजल आपूर्ति बिना रुके जारी रह सके।

विधायक बताया कि कुटलैहड़ क्षेत्र की कुछ गंभीर और दीर्घकालीन समस्याओं को लेकर उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिमला में मुलाकात की है। इस बैठक में क्षेत्र के अधूरे विकास कार्यों, सड़क मार्गों की जर्जर स्थिति, तथा कुछ क्षेत्रों में स्वास्थ्य व शिक्षा संबंधी ढांचागत कमियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इन सभी समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करने का आश्वासन दिया है। शर्मा ने बताया कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र ही प्रशासन के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। नुकसान का मूल्यांकन किया जा चुका है और सहायता राशि वितरित करने की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार हर पीड़ित व्यक्ति के साथ खड़ी है और किसी को भी अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

विधायक ने कहा कि बरसात के मौसम में बिजली, पानी, सड़क और संचार जैसी मूलभूत सुविधाएं बाधित न हों, इसके लिए उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों को कड़े आदेश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि किसी भी लापरवाही या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनता को समय पर राहत मिलनी चाहिए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *