Punjab News: नैना देवी से लाैट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप नहर में गिरी, 6 की मौत, अन्य लापता, देखें वीडियो

Written by

in

लुधियानाः नैना देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ खन्ना के दोराहा में देर रात बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, मलौद में जगेड़ा पुल के पास एक पिकअप जीप नहर में गिर गई। हादसे में एक महिला और दो बच्चों समेत 6 श्रद्धालुओं की मौत की सूचना है। घटना में मरे लोगों में से 4 की पहचान हो गई है, जबकि इस घटना में 3 लोग लापता हैं। बताया जा रहा है कि गाड़ी में लगभग 20 श्रद्धालु थे। बाकियों को बचा लिया गया है। मृतकों की पहचान 52 वर्षीय जरनैल सिंह, 58 वर्षीय मंजीत कौर, सुखमन कौर (डेढ़ साल) और 8 वर्षीय आकाशदीप सिंह निवासी गांव मानकवाल के रूप में हुई है।

वहीं, घायलों में सरबजीत कौर, सुरिंदर सिंह, जसविंदर कौर, सरबजीत कौर, स्वर्णजीत कौर, भाग सिंह, काका सिंह, कमलजीत कौर और संदीप कुमार निवासी हुसैनपुरा शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु हिमाचल प्रदेश के माता नैना देवी मंदिर से दर्शन के बाद लौट रहे थे। गाड़ी में सवार लोगों के अनुसार, पिकअप गाड़ी ओवरलोड थी। एक वाहन को ओवरटेक करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। गाड़ी के नहर में गिरने की सूचना मिलने पर पुलिस ने आस पास के लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस के अनुसार, नहर से ज्यादातर श्रद्धालुओं को बचा लिया गया है। दो बच्चों समेत तीन शव बरामद हुए हैं। तीन लोग पानी में बह गए हैं, बचाव अभियान जारी है।

डीएसपी पायल हेमंत मल्होत्रा ने बताया कि करीब 20 श्रद्धालुओं को ले जा रही एक पिकअप जीप नहर में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। डीएसपी ने बताया कि अब तक एक महिला और दो बच्चों सहित 4 के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि तीन श्रद्धालु अभी लापता हैं। पीड़ितों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर (DC) हिमांशु जैन, एसएसपी ज्योति यादव और विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा रात में ही डेहलों के सिविल अस्पताल में पहुंचे। डिप्टी कमिश्नर ने घायल लोगों का हाल जाना और डॉक्टरों से पूरे मामले की जानकारी ली। डीसी हिमांशु जैन ने कहा- जगेड़ा पुल पर यह हादसा हुआ है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक गाड़ी में कुल 24 लोग सवार थे। गाड़ी का संतुलन बिगड़ने के कारण गाड़ी नहर में पलट गई। करीब 22 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। अभी पता चल रहा है कि 2 लोग लापता भी हैं, जिन्हें ढूंढा जा रहा है। डीसी ने कहा कि सभी लोग मानकवाल और आस-पास के गांवों के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही अस्पतालों और प्रशासन को अलर्ट कर दिया था। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *