सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत, एक बच्चा घायल, देखें वीडियो

Written by

in

बदायूंः उत्तर प्रदेश के बदायूं में दर्दनाक सड़क हादसे की घटना सामने आई है। जहां कोतवाली क्षेत्र के सहसवान में आज सुबह साइकिल से स्कूल जा रहे 3 बच्चों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना में एक छात्र व छात्रा की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के.के. सरोज ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े सात बजे ग्राम सिलहरी में सड़क दुर्घटना की सूचना पर सहसवान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को छानबीन में पता चला कि गांव फिरोजाबाद नरौटा निवासी अंकित (11) और उसकी बहन अंशू (12) तथा खुशबू (12) साईकिल से गांव नगला चोई स्थित नहार सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लिये जा रहे थे तभी गांव सिलहरी में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी साईकिल में टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि मृतक दोनों भाई बहन है।

सरोज ने बताया कि हादसे में तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें पुलिस द्वारा सहसवान स्थित सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने अंकित व अंशू को मृत घोषित कर दिया तथा खुशबू को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रैफर कर दिया। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सूचना प्राप्त होने के बाद मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी बदायूं ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मार्ग परिवर्तन की वजह से कक्षा एक से कक्षा 12 तक के समस्त स्कूलों को शनिवार से सोमवार तक बंद करने के निर्देश दिए हैं, इसके बावजूद भी कुछ स्कूल खुल रहे हैं। इस संदर्भ में जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और वह इसकी जांच करवाएंगे। राय ने बताया कि निर्देशों को न मानने वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया की इस मामले की जांच की जा रही है और स्कूल प्रबंधन से भी स्पष्टीकरण मांगा जाएगा कि जिलाधिकारी और उनके निर्देश के बावजूद स्कूल क्यों खोला गया और स्कूल की मान्यता की भी जांच की जाएगी l

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *