Auto-Pickup की टक्कर में व्यक्ति की मौत, पुलिस के खिलाफ लोगों में रोष, किया चक्का जाम

Written by

in

पटनाः जिले के दीघा थाना क्षेत्र के रामजी चक में पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतक की पहचान 34 वर्षीय सुजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घायलों में अधिकतर सिपाही भर्ती के अभ्यर्थी हैं। घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने दीघा पटना मुख्य सड़क पर आगजनी कर जाम कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने मुआवजे और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मृतक के भाई अविनाश कुमार ने बताया कि ‘रात 10 बजे की घटना है। 34 वर्षीय सुजीत कुमार ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान पिकअप ने ऑटो में टक्कर मार दी। घटना की सूचना थाने को दी तो ट्रैफिक थाने भेज दिया। ट्रैफिक थाने से शिकायत की तो कहा सुबह में देखेंगे। जिसको लेकर लोगों में गुस्सा पाया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाने की कोशिश की। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार की वजह से यह हादसा हुआ है। पटना में सड़क हादसे के बाद हुए हंगामे की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। इन तस्वीरों में नजर आ रहा है कि सड़क पर आगजनी कर आवागमन को बाधित कर दिया गया है। सड़क पर टायर जलाए गए हैं और वहां आग की लपटों को साफ तौर से देखा जा सकता है। हादसे के बाद लोग काफी ज्यादा आक्रोशि हो गए थे। सड़क को जाम कर देने की वजह से दीघा-रामजी चक मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *