नई दिल्लीः उत्तराखंड में आज बुधवार को कई जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। एहतियातन 9 जिलों के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। आज सुबह से बागेश्वर, कोटद्वार समेत कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। इस बीच उत्तरकाशी में धराली गांव में कल बादल फटने के कारण खीर गंगा नदी में आई विनाशकारी बाढ़ से भारी तबाही मची है। शासन-प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। धराली में कल दिन में बादल फटने से गांव जमींदोज हो गए।
Read in English:-
https://encounternews.in/india/flash-floods-devastate-uttarakhands-uttarkashi-four-dead-dozens-feared-trapped/
महज 34 सेकेंड में सैकड़ों घर-होटल मलबे में दब गए और पानी में बह गए। हादसे में 4 की मौत हो गई जबकि 50 से ज्यादा लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। SDRF, NDRF, ITBP और सेना की टीमें बचाव और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। अब तक 130 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू कराया जा चुका है। शासन ने राहत और बचाव कार्य तथा मरम्मत के लिए 20 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। राहत और बचाव अभियान के बीच उत्तराखंड के बागेश्वर और कोटद्वार समेत कई इलाकों में भारी बारिश जारी है।
उत्तराखंड में आज भारी बारिश के रेड अलर्ट और ऑरेंज अलर्ट के बीच राज्य के 9 जिलों में छुट्टी का आदेश जारी किया गया है। राजधानी देहरादून के अलावा नैनीताल, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत, पौड़ी, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में आज स्कूलों की छुट्टी रहेगी। आदेश के मुताबिक, कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी छुट्टी का ऐलान किया गया है। विनाशकारी आपदा को लेकर CM पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि आपदा प्रभावित इलाके में फोन, इंटरनेट और टावरों को खासा नुकसान पहुंचा है। इस बीच PAC और IRB की स्पेशल डिजास्टर रिलीफ यूनिट की तैनाती की गई है।
उत्तरकाशी में राहत और बचाव कार्य तेज करने के लिए 40वीं बटालियन पीएसी की विशेष आपदा राहत इकाई (E कंपनी) और देहरादून की आईआरबी-II, की C कंपनी, कुल 140 कर्मियों के साथ भेजी गई है। लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव के मुताबिक धराली आपदा के बाद 14 राजरिफ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हर्षवर्धन खुद राहत और बचाव कार्यों का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी टीम के 150 जवान इस कठिन मुहिम में डटे हुए हैं। हालांकि यूनिट का बेस भी प्रभावित हुआ है और 11 जवान लापता हैं। फिर भी टीम पूरे हौसले और संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 20 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है।

Leave a Reply