Merchant Navy Officer की पत्नी ने की आत्महत्या, ससुराल परिवार पर लगे गंभीर आरोप

Written by

in

लखनऊः एक मर्चेंट नेवी के सेकेंड ऑफिसर की पत्नी द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पत्नी का शव घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। शादी के 6 महीने के अंदर ही बेटी की मौत पर घर वाले कई सवाल खड़े कर रहे हैं। मधु के परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।

परिजनों के अनुसार, सोमवार को करीब 4 बजे अनुराग ने मधु के पिता को फोन करके बताया कि मधु ने आत्महत्या कर ली है। जब परिवार वहां पहुंचा, तब तक मधु का शव फंदे से उतार दिया गया था। परिवार का दावा है कि मधु ऐसा कदम उठाने वाली लड़की नहीं थी। उसने आत्महत्या नहीं की है। वहीं इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि रात में पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था जिसके बाद पत्नी ने सुसाइड कर लिया। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच जारी है।

मधु के परिजनों के मुताबिक, शादी के शुरुआती कुछ दिन सामान्य रहे, लेकिन कुछ समय बाद उसके जीवन में तनाव और हिंसा का सिलसिला शुरू हो गया। पति अनुराग ने उस पर 15 लाख रुपये की मांग रखी थी, जिसे पूरा न करने पर आए दिन मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। मधु की बहन प्रिया का कहना है कि अनुराग शराब का आदी था और मधु को भी जबरन शराब पीने के लिए मजबूर करता था, मना करने पर उसके साथ मारपीट करता था। इतना ही नहीं वह मधु का फोन भी चेक करता रहता था और किसी से बात करने पर गाली-गलौज करता था। शक की हद यह थी कि वह बहन से बात करने तक पर उसे लेस्बियन कहता था।

मधु की बहन ने एक दर्दनाक खुलासा करते हुए बताया कि 10 मार्च को प्लेट रखने की बात को लेकर अनुराग ने मधु को बुरी तरह पीटा। तब मधु ने रोते हुए प्रिया को फोन किया और कहा, “आ जाओ, वरना ये मुझे जान से मार देगा।” मधु की बहन प्रिया ने उसकी अंतिम ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सुनी, जिसमें मधु की रोती हुई आवाज ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। इस पूरे मामले में पुलिस ने गंभीर रुख अपनाया है। डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की गहराई से जांच जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *