Cosmos Hospital में लगी भीषण आग, शीशा तोड़कर निकाले मरीज

Written by

in

नई दिल्लीः पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार इलाके में मौजूद कॉसमॉस स्पेशलिस्ट अस्पताल में भीषण आग लग गई। इस घटना को लेकर अस्पताल में मौजूद कर्मियों और मरीजों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आग लगने से धुएं के कारण 4 लोग बेहोश हो गए। जिसके बाद मरीजों को शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। घटना की सूचना कर्मियों द्वारा दमकल विभाग को दी गई। इस घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी तेजी से फैल गई कि अस्पताल में भर्ती कई मरीजों की हालत गंभीर हो गई। इनमें से गंभीर मरीजों को तुरंत रेस्क्यू कर आसपास के निजी अस्पतालों में भेजा गया।

अस्पताल के अंदर हाउसकीपिंग, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्टाफ के कई सदस्य भी धुएं और गर्मी की वजह से बेहोश हो गए। सभी को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस दौरान दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की आधुनिक मशीनों का प्रयोग किया गया। आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए अधिकारियों को ऑक्सीजन सिलेंडर का इस्तेमाल करते हुए अस्पताल में प्रवेश करना पड़ा। इस दौरान अस्पताल की कई खिड़कियों और शीशों को तोड़ना पड़ा ताकि धुआं बाहर निकल सके और फंसे हुए लोगों तक तुरंत पहुंचा जा सके।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद अस्पताल के अंदर धुएं का गुबार छा गया था, जिससे सांस लेना बेहद मुश्किल हो गया था। अस्पताल के एक स्टाफ ने बताया कि हालात बेहद खराब थे, आंखों के सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। सांस लेना मुश्किल हो गया था। बस एक ही चिंता थी कि अंदर जो भी लोग फंसे हैं, उन्हें जल्द से जल्द बाहर निकाला जाए। वहीं, दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है, ऐसा अनुमान जताया जा रहा है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। अधिकारियों ने बताया कि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन करने के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई, लेकिन हादसे ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *