ऊना में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष  कुलदीप सिंह पठानिया 15 अगस्त को ऊना में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। वे 14 अगस्त की शाम ऊना पहुंचेंगे और सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। विधानसभा कार्यालय शिमला से प्राप्त प्रवास कार्यक्रम के अनुसार, श्री पठानिया 14 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे शिमला से ऊना के लिए प्रस्थान करेंगे।

वहीं, उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि 15 अगस्त को प्रातः 11 बजे श्री पठानिया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना के प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेने के उपरांत जिलावासियों को संबोधित करेंगे। समारोह में पुलिस व होमगार्ड के साथ एनसीसी, एनएसएस तथा विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी परेड में भाग लेंगे। इससे पूर्व, विधानसभा अध्यक्ष एमसी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां होंगी आकर्षण

समारोह में आकर्षक झांकियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामाजिक संदेशों पर आधारित कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे।जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियों में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना, राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे बोर्डिंग स्कूल, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, कैच द रेन अभियान, कृषि एवं बागवानी विभाग और डीआरडीए की योजनाएं शामिल होंगी। विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और नाट्य दल रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, जो प्रदेश की संस्कृति और विविधता को दर्शाएंगी।

कर्मवीरों का होगा सम्मान

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सर्वश्रेष्ठ झांकी, सर्वश्रेष्ठ स्टॉल और सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वालों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

ईट राइट मेले की तर्ज पर लगेंगे स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों के स्टॉल

उपायुक्त ने बताया कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए समारोह स्थल पर ईट राइट मेले की तर्ज पर स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें सरकारी विभागों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूह भी भाग लेंगे। उपायुक्त ने सभी नागरिकों से बड़ी संख्या में समारोह में भाग लेकर इस राष्ट्रीय पर्व को सामूहिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *