कुटलैहड़ के चताडा शहीद अरुण कुमार लक्की का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

Written by

in

विधायक विवेक शर्मा ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने शहीद अरुण की मृत्यु पर जताया दुख ,पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करने का दिया आश्वासन

ऊना/ सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के चताडा गांव का माहौल गुरुवार को गमगीन हो गया, जब गांव के वीर सपूत शहीद अरुण कुमार लक्की का पार्थिव शरीर उनके पैतृक घर पहुंचा। ड्यूटी के दौरान हुए आकस्मिक निधन के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शहीद का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, सेना के जवानों, जनप्रतिनिधियों, रिश्तेदारों और गांववासियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा में विधायक विवेक शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने शहीद अरुण कुमार लक्की के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और परिवार को ढांढस बंधाया। विधायक ने कहा कि अरुण कुमार लक्की ने ड्यूटी निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी, जो हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार और वह स्वयं हर संभव मदद के लिए हमेशा साथ खड़े रहेंगे। शहीद अरुण कुमार लक्की अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं। बच्चे अभी छोटी कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे हैं। पिता के इस असमय निधन से परिवार टूट चुका है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी शहीद अरुण कुमार लक्की के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने विधायक विवेक शर्मा से बात कर घटना की पूरी जानकारी ली और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।  अंतिम संस्कार के दौरान पूरे गांव में ‘अरुण कुमार अमर रहें’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।

पुलिस बल की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि अरुण कुमार लक्की का यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्यनिष्ठा और सेवा का संदेश देगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *