Punjab News: पुलिस ने आतंकी साजिश को किया नाकाम, हैंड ग्रेनेड सहित हथियार बरामद

Written by

in

अमृतसरः क्राइम की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देहात पुलिस ने पाकिस्तान की आतंकी साजिश को नाकाम किया है। देहात पुलिस ने खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए पंडोरी गांव के मलकीत सिंह नामक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह खालिस्तानी मूवमेंट के साथ मिलकर राज्य में अशांति फैलाने की साजिश रच रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, एक .30 बोर पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस साजिश में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस ने युवक के संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) द्वारा समर्थित खालिस्तानी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल बीकेआई से जुड़े पाए गए हैं। दरअसल, पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मलकीत सिंह के सीधे संबंध यूके स्थित गैंगस्टर धर्मा संधू से हैं। धर्मा संधू को हरविंदर रिंदा का नजदीकी सहयोगी माना जाता है। रिंदा लंबे समय से बब्बर खालसा इंटरनेशनल बीकेआई संगठन से जुड़ा हुआ है और पाकिस्तान की आईएसआई के समर्थन से वहां सक्रिय है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि धर्मा संधू और रिंदा जैसे आतंकी नेटवर्क पंजाब में हथियारों और नशे की तस्करी के जरिए अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी मकसद से राज्य में स्थानीय युवाओं को शामिल करने की साजिश रची जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मलकीत सिंह को हथियार किस चैनल से उपलब्ध कराए गए और इसका इस्तेमाल किन घटनाओं के लिए किया जाना था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर तेजी से की जा रही है। मलकीत सिंह से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के प्रयास में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने इस घटना के बाद एफआईआर दर्ज कर ली है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *