Jalandhar News: Mehar Chand Polytechnic College को मिलेगा National Award

जालंधरः Mehar Chand Polytechnic College जालंधर को समग्र शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां, अनुसंधान, प्लेसमेंट और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए केंद्रीय स्वायत्त संस्था नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्निकल टीचर ट्रेनिंग एंड रिसर्च चंडीगढ़, जिसे ‘निट्टर’ भी कहा जाता है, की ओर से 2024-25 के लिए नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया जा रहा है। यह जानकारी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि निट्टर चंडीगढ़ की ओर से पहले केवल उत्तर भारत क्षेत्र में स्थापित बहु-तकनीकी कॉलेजों में से ही सर्वश्रेष्ठ पॉलिटेक्निक का चयन किया जाता था, लेकिन 2023-24 से इस संस्था ने राष्ट्रीय स्तर पर अवॉर्ड देने का निर्णय लिया है।

प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने कहा कि 2024-25 के लिए भारत के समस्त बहु-तकनीकी कॉलेजों में से राष्ट्रीय स्तर पर ‘सर्वश्रेष्ठ पॉलिटेक्निक’ का खिताब हासिल करना एक बड़ी उपलब्धि है। यह अवॉर्ड 7 सितंबर को चंडीगढ़ में निट्टर के ऑडिटोरियम हॉल में उनके स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। इस उपलब्धि पर तकनीकी शिक्षा पंजाब के निदेशक श्री मोनिश कुमार आईएएस ने डॉ. जगरूप सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पंजाब और कॉलेज दोनों के लिए गर्व की बात है।

डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी के उपाध्यक्ष न्यायमूर्ति एनके सूद, उपाध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रीतम पाल, सचिव अरविंद घई, सचिव अजे गोस्वामी तथा डायरेक्टर हायर एजुकेशन, डीएवी. मैनेजमेंट, शिवरमन गौड़, पूर्व आईएएस ने भी प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह और स्टाफ को इस उपलब्धि पर बधाई दी। प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने कहा कि नेशनल अवॉर्ड मिलने के बाद स्टाफ और विद्यार्थियों के साथ जश्न मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज को पांच बार निट्टर द्वारा उत्तर भारत क्षेत्र में अवॉर्ड मिल चुका है, और इस बार 7 सितंबर को मिलने वाला नेशनल अवॉर्ड पंजाब में किसी पॉलिटेक्निक को मिलने वाला पहला अवॉर्ड होगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *