अमृतसरः पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अमृतसर पहुंचे और पूर्व कांग्रेस मंत्रियों, विधायकों, वर्तमान काउंसलरों तथा कार्यकर्ताओं के साथ विशेष बैठक की। यह बैठक हाल ही में आई बाढ़ के कारण प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्यों को लेकर बुलाई गई थी।
राजा वड़िंग ने कहा कि 1988 के बाद पहली बार पंजाब में इस तरह की तबाही देखी गई है। उन्होंने स्वीकार किया कि बाढ़ में सरकारी नाकामियां भी कारण बनी हैं, लेकिन इस समय जरूरत लोगों के साथ खड़े होने की है। यह समय लोगों की सहायता करने का है, राजनीति बाद में भी हो जाएगी। बैठक में फैसला लिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी जेब और तनख्वाह से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए योगदान देंगे। लगभग 70 से 80 लाख रुपए की राहत सामग्री इकट्ठा करके प्रभावित इलाकों में पहुंचाने का वादा किया गया। इसके साथ ही, एमपी ओझला ने अपने फंड से भी मदद की घोषणा की।
इस मौके पर एक विशेष राहत समन्वय समिति भी बनाई गई जिसमें अश्वनी पप्पू, सचर, विकास सोनी, सुनील दत्ती सहित अन्य काउंसलर शामिल हैं। यह समिति राहत सामग्री की खरीदारी कर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएगी। राजा वड़िंग ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते कहा कि गवर्नर या मुख्यमंत्री के केवल दौरों से कुछ नहीं बनेगा। लोगों को असली राहत चाहिए। घर ढह गए, पशु मर गए, फसल तबाह हो गई। अब केंद्र और राज्य सरकार को तुरंत बड़ा पैकेज घोषित करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि घरों के नुकसान की भरपाई के लिए कम से कम 1 लाख रुपए, जानवरों के नुकसान के लिए 50 हजार रुपए और तबाह हुई फसल के लिए मुफ्त गेहूं दिया जाए।

Leave a Reply