Facebook, Instagram और X समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगा प्रतिबंध

Written by

in

काठमांडू: नेपाल ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इन प्लेटफॉर्म को सात दिनों के भीतर नेपाल के सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्रालय में रजिस्ट्रेशन कराना था, लेकिन ये ऐसा करने में नाकाम रहे थे। मंत्रालय ने कंपनियों के लिए पंजीकरण पूरा करने के लिए 28 अगस्त से 7 दिनों की समय सीमा तय की थी। रात को यह समय सीमा समाप्त हो गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से पूरे देश में लागू होंगे और मंत्रालय ने संबंधित कंपनियों को पत्र जारी करना शुरू कर दिया है। सरकार ने पहले ही नियमों का पालन करने वाले प्लेटफॉर्म को निलंबित करने की चेतावनी दी थी।

अभी तक टिकटॉक, वीटॉक, वाइबर और निबंज जैसे प्लेटफॉर्म नेपाल में पंजीकृत हो चुके हैं। वहीं, टेलीग्राम और ग्लोबल डायरी प्रक्रिया में हैं, लेकिन मेटा (फेसबुक, इंस्टाग्राम,वॉट्सएप की पैरैंट कंपनी), अल्फाबेट (यूट्यूब), एक्स, रेडिट या लिंक्डइन समेत किसी भी प्रमुख प्लेटफॉर्म ने अभी आवेदन नहीं भरा था। नेपाली अधिकारियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म से पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने और राष्ट्रीय नियमों का पालन करने के बाद सेवाएं फिर से शुरू हो सकती हैं। मंत्रालय के नोटिस में कहा गया है कि ‘माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने अदालत की अवमानना के एक मामले में नेपाल सरकार के नाम एक निर्देशात्मक आदेश जारी किया है, जिसमें घरेलू या विदेशी मूल के ऑनलाइन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को संचालन से पहले संबंधित अधिकारियों के साथ अनिवार्य रूप से सूचीबद्ध करने और अवांछित सामग्री का मूल्यांकन और निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।’

नोटिस में आगे बताया गया है कि आदेश के अनुसार, सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को सूचीबद्ध करने के लिए 7 दिनों की समय सीमा दी गई है। नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण को नेपाल के भीतर उन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को निष्क्रिय करने का निर्देश दिया है, जिन्होंने दी गई समय सीमा के भीतर सूचीबद्ध होने के लिए मंत्रालय से संपर्क नहीं किया है। मंत्रालय ने गुरुवार आधी रात से प्लेटफॉर्मों को बंद करने का निर्देश दिया है। प्रवक्ता गजेंद्र कुमार ठाकुर ने कहा कि पंजीकरण पूरा करने वाले किसी भी प्लेटफॉर्म को उसी दिन शुरू कर दिया जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *