Punjab News: युवती को Blackmail कर दुष्कर्म करने के आरोप कांग्रेस नेता पर मामला दर्ज

Written by

in

बठिंडाः वार्ड नंबर 23 से मौजूदा महिला पार्षद के पति के खिलाफ नाबालिग युवती को ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में थाना कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उक्त व्यक्ति शहरी कमेटी के कांग्रेसी नेता गुरप्रीत सिंह बंटी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी कांग्रेसी नेता को हिरासत में ले लिया है, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। डीएसपी सिटी वन संदीप भाटी ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नाबालिग युवती के परिजनों के बयानों पर यह कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित नाबालिग की मां द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेसी नेता और वार्ड नंबर 23 की महिला पार्षद के पति गुरप्रीत सिंह बंटी का उनके घर आना-जाना था। उसकी छोटी बेटी स्थानीय शहर के एक नामी कान्वेंट स्कूल में पढ़ती थी, उसकी दोस्ती एक लड़के से थी, जिसके बारे में आरोपी गुरप्रीत बंटी को पता चल गया था। मां के आरोपों के अनुसार तभी से आरोपी उसकी बेटी को घर पर उसकी दोस्ती के बारे में बताने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। इस दौरान उसने कथित तौर पर उसकी नाबालिग बेटी के साथ संबंध बनाने शुरू कर दिए और उसका एक अश्लील वीडियो भी बना लिया।

अब उनकी बेटी चंडीगढ़ की एक नामी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही है, लेकिन आरोपी बंटी फिर भी उसकी बेटी को ब्लैकमेल कर रहा था। वह उसकी बेटी को बार-बार फोन कर उसे मानसिक तौर पर परेशान कर रहा था। इसके चलते उसकी बेटी ने उसका नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया था। इससे गुस्सा होकर बंटी ने अपने मोबाइल में बनाया उसकी बेटी का अश्लील वीडियो उसकी बड़ी बहन को भेज दिया। इसके बाद परिवार को पूरी कहानी का पता चला और पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उक्त नेता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही बताया जा रहा है कि आरोपी को हिरासत में भी ले लिया गया है, हालांकि मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बच रही हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *