घर में AC का कंप्रेसर फटने से लगी आग, परिवार के 3 लोगों की मौत, देखें वीडियो

Written by

in

फरीदाबादः हरियाणा के फरीदाबाद के ग्रीन फील्ड कॉलोनी में अल सुबह मकान में एयर कंडीशनर (एसी) फट गया। इस घटना में मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल है। वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। मिली जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार सुबह 3 बजे हुआ है। घटना के दौरान परिवार अपने-अपने कमरों में सो रहा था। इस दौरान घर के फर्स्ट फ्लोर पर लगी आग से निकलने वाला धुआं सीधे सेकंड फ्लोर तक पहुंचा। धुएं की वजह से कमरे के भीतर सांस लेना मुश्किल हो गया और धीरे-धीरे दम घुटने से पति-पत्नी और उनकी बेटी ने दम तोड़ दिया। लोगों ने घटना की जानकारी दमकल विभाग और पुलिस को दी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटना स्थल पर पहुंची। जहां दमकल विभाग की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं मौके पर पहुंची ग्रीन फील्ड कॉलोनी चौकी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। घटना की जानकारी देते हुए पड़ोसी महिला ने बताया कि एसी ब्लास्ट होने से फर्स्ट फ्लोर पर आग लगी थी। हालांकि, जिस फ्लैट में आग लगी थी, वो लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन फर्स्ट फ्लोर से धुआं सेकंड फ्लोर तक जा पहुंचा। सो रहे लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। दरवाजा अंदर से लॉक हो गया, जिससे दम घुटने से पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गई। यह परिवार लंबे समय से ग्रीन फील्ड कॉलोनी में रह रहा था। परिवार का बेटा गंभीर रूप से घायल है और उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की मानें तो उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और लगातार इलाज जारी है। पड़ोसियों का कहना है कि देर रात अचानक घर से धुआं उठता देख वे घबरा गए और तुरंत शोर मचाकर बाकी लोगों को जगाया। अगर समय रहते आग पर काबू पाया जाता तो शायद इतनी बड़ी त्रासदी को रोका जा सकता था। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है। लोग परिवार की असमय मौत से बेहद दुखी हैं और हर किसी की आंखें नम हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, हादसे की जांच की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *