Punjab News: सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट क्लोरीन गैस हुई लीक, फायरकर्मी हुआ बेहोश, देखें वीडियो

Written by

in

मोगाः शहर के वार्ड नंबर 34 बुक्कन वाला रोड पर बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में देर रात क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार सुबह से ही गैस लीक हो रही थी लेकिन संबंधित अधिकारियों ने मामले को हल्का बताकर नजरअंदाज किया। शाम लगभग 7:00 बजे गैस का दबाव बढ़ने के चलते स्थिति भयावह हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मेयर बलजीत सिंह चनी और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि हालात को काबू करने के दौरान गैस से एक फायर कर्मी बेहोश हो गया।

उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। फायर कर्मी की पहचान बिक्कर सिंह के रूप में हुई है। बिक्कर सिंह की अस्पताल में हालत गंभीर बताई जा रही है। गैस लीक होने से न केवल आसपास लगे पेड़-पौधे जल गए बल्कि इसका असर लगभग 2 किलोमीटर के क्षेत्र तक फैल गया, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

मौके पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई हैं। नगर निगम मेयर बलजीत सिंह चानी ने बताया कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के अधिकारियों ने पूरे दिन मामले को दबाकर रखा और मीडिया को देखकर मौके से भाग खड़े हुए। मेयर ने कहा कि यह घटना अधिकारियों की गंभीर लापरवाही का नतीजा है, जिसकी जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *