Ambulance ना मिलने पर बाइक पर शव ले जाने का वीडियो वायरल, राजनीति गलियारे में हलचल शुरू

Written by

in

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से इंसानियत शर्मसार करने वाला मामला सामने है। जहां बाइक पर शव ले जाते हुए 2 लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कौशांबी के कड़ा धाम थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर जीता गांव की रहने वाली बुधरानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला ने आत्महत्या कर ली थी, लेकिन मायके पक्ष ने इसे हत्या का मामला बताते हुए गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा हैकि एंबुलेंस ना मिलने के बाद व्यक्ति बाइक पर ही शव ले जाने को मजबूर हो गए। यह घटना न केवल हृदयविदारक है, बल्कि समाज और व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करती है। वहीं बाइक पर शव ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद डीएम ने कहा कि इस मामले में जांच के बाद फैसला होगा। आरोप है कि पुलिस ने रात में ही शव का अंतिम संस्कार करने का दबाव बनाया, लेकिन कोई वाहन अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने के लिए उपलब्ध नहीं हो सका। मजबूरी में परिजन शाम करीब 7 बजे शव को बाइक पर रखकर शमशान घाट ले जा रहे थे। रास्ते में किसी राहगीर ने इस मार्मिक दृश्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो लोग एक बाइक पर शव को लेकर जा रहे हैं। शव को बाइक पर इस तरह रखा गया है कि देखकर किसी का भी दिल पसीज जाए। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग इसे गरीबी और मजबूरी का परिणाम बता रहे हैं, तो कुछ लोग स्वास्थ्य और परिवहन व्यवस्था की विफलता पर सवाल उठा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला का पति छांगुलाल और बेटा धर्मेंद्र गाजियाबाद में प्राइवेट नौकरी करते हैं। घटना के समय परिजनों को शव वाहन की सुविधा न मिलने के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई थी और मामले की जांच जारी है। हालांकि रात में वाहन न मिलने की बात पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस मामले को लेकर अब राजनीति भी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर कौशांबी का यह वीडियो पोस्‍ट किया और लिखा, “इससे शर्मनाक और क्या हो सकता है और कुछ नहीं कहना है न मुख्यमंत्री से, न स्वास्थ्य मंत्री से।” वहीं गाजीपुर डीएम मधुसूदन हुलगी ने बताया कि जो वीडियो सामने आया है वो शर्मनाक है। उन्होंने यह भी कहा है कि एंबुलेंस उपलब्ध रहती है फिर भी बाइक से लाश क्यों ले जाया जा रहा है। डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम बनाकर जांच कराई जाएगी और जो इसमें जिम्मेदार होंगे उन पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *