बड़ी राहत: Amul के बाद अब Verka ने घटाए दूध के दाम

Written by

in

नई दिल्ली: पंजाब की सहकारी संस्था मिल्क प्लांट वेरका ने अपने दूध की कीमतों में एक रुपये की कमी की है। वेरका अमृतसर डेयरी के महाप्रबंधक हरमिंदर सिंह संधू ने बताया कि उपभोक्ताओं की लंबे समय से मांग थी कि वेरका दूध के दाम कम किए जाएं। इसी को ध्यान में रखते हुए वेरका ने यह कदम उठाया है।
वेरका ने स्टैंडर्ड दूध और फुल क्रीम दूध की एक लीटर पैकिंग के दाम एक रुपये कम कर दिए हैं। अब वेरका फुल क्रीम मिल्क एक लीटर पैकिंग की कीमत 62 रुपये से घटाकर 61 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, वेरका फुल क्रीम दूध की पैकिंग की कीमत 68 रुपये से घटाकर 67 रुपये कर दी गई है। हरमिंदर सिंह संधू ने कहा कि वेरका दूध संतुलित और पौष्टिक है, जिसमें विटामिन (ए और डी) भरपूर मात्रा में मौजूद हैं। यह लोगों की बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने यह भी बताया कि उपभोक्ताओं की मांग को देखते हुए वेरका जल्द ही वेरका रबड़ी की 85 ग्राम की पैकिंग 25 रुपये में और टोन्ड मिल्क की नई पैकिंग 20 रुपये में उपलब्ध करवाएगा। इसके अलावा, आने वाले समय में और भी नए उत्पाद बाजार में पेश किए जाएंगे। इससे पहले, शुक्रवार को अमूल ने भी अपने दूध प्रोडक्ट्स की कीमतों में एक रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी। अमूल गोल्ड अब 66 रुपये की जगह 65 रुपये में, अमूल टी स्पेशल 63 रुपये की जगह 62 रुपये में, और अमूल फ्रेश 54 रुपये की जगह 53 रुपये में उपलब्ध है। अमूल और वेरका दोनों द्वारा दूध की कीमतों में कटौती से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। खासकर उन परिवारों और छोटे व्यवसायों को जो दैनिक आधार पर दूध का उपयोग करते हैं। वेरका के इस कदम से न केवल लोगों के घरेलू बजट को संतुलित करने में मदद मिलेगी, बल्कि नए उत्पादों के कारण ग्राहकों को और भी विकल्प मिलेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *