Punjab News: SMO को MLA से खतरा, सिविल सर्जन को लिखा पत्र

Written by

in

उधर, MLA ने SMO खिलाफ CM, स्वास्थ्य मंत्री और SSP को दी शिकायत

लुधियानाः जगराओं सिविल अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर ने विधायक से खतरा बताया है। उन्होंने सिविल सर्जन लुधियाना को लिखे पत्र में कहा है कि विधायक उन पर जानलेवा हमला, धरने और महिलाओं के खिलाफ झूठे शारीरिक शोषण के आरोप लगाने की धमकियां दे रहे हैं। दूसरी ओर इससे पहले विधायक ने एसएमओ के खिलाफ मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और एसएसपी जगराओं को शिकायत दे रखी है, जिसमें उन्होंने एसएमओ पर झूठे आरोप लगाने की जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। वहीं अब एसएमओ डा. हरजीत सिंह ने सिविल सर्जन को लिखे पत्र में कहा कि विश्वसनीय सूत्रों से उन्हें पता चला है कि विधायक उनके खिलाफ कुछ करवा सकते हैं। जबकि महिलाओं के शारीरिक शोषण के लगे आरोपों की पहले ही डायरेक्टर PHSC द्वारा जांच की जा चुकी है। उसी मामले को दोबारा खोलने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें कोई जान का नुकसान हुआ तो विधायक जिम्मेदार होंगे। सिविल अस्पताल में आप नेता साजन मल्होत्रा कुछ दिन पहले अपने साथी का ड्रग टेस्ट करवाने गए थे, जहां उनकी एसएमओ डा. हरजीत सिंह से बहस हो गई थी। इस पर एसएमओ ने आप नेता के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी कि आप नेता अपने साथ लाए व्यक्ति द्वारा अफीम खाने के बावजूद ड्रग टेस्ट सही कराने का दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने इंकार किया तो उस व्यक्ति ने विधायक के पति की धमकी देते हुए उनके साथ बदसलूकी की। जबकि साजन मल्होत्रा ने एसएमओ के खिलाफ शिकायत में उन पर बदसलूकी करने और ड्रग टेस्ट के नाम पर पैसे वसूलने के आरोप लगाए थे। इस मामले को लेकर विधायक और एसएमओ उसी दिन आमने-सामने थे। सिविल अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डा. हरजीत सिंह और विधायक के बीच चल रहे विवाद के बीच आज एसएमओ का स्थानांतरण कर दिया गया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार डा. हरजीत सिंह, एसएमओ को बदलकर जिला टीकाकरण अधिकारी बरनाला नियुक्त किया गया है। उनकी जगह बरनाला के जिला टीकाकरण अधिकारी डा. गुरविंदर कौर को एसएमओ नियुक्त किया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *