प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर ऊना के हरोली में जिलास्तरीय रक्तदान शिविर में युवाओं ने 101 यूनिट रक्तदान किया

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देश भर में मनाए जा रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत, ऊना ज़िले के हरोली में एक ज़िलास्तरीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 101 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित इस शिविर में प्रदेश मीडिया सह-संयोजक संजीव शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शाम मिन्हास ने की इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया और अस्पताल में भर्ती मरीज़ों को फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। संजीव शर्मा ने कहा कि मोदी जी का जन्मदिन केवल एक तारीख नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत का यह सौभाग्य है कि उसे नरेंद्र मोदी जैसा मज़बूत और दूरदर्शी नेतृत्व मिला है। शर्मा ने कहा कि जब से मोदी जी ने प्रधानमंत्री पद संभाला, तब भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर थी। उनके नेतृत्व में आज यह चौथे स्थान पर पहुँच गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह आर्थिक प्रगति सिर्फ़ आँकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव ला रही है। संजीव शर्मा ने मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके प्रयासों से 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। सरकार ने 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन दिया, जबकि करोड़ों परिवारों को पक्के घर, शौचालय और स्वच्छ नल जल उपलब्ध कराया। इसके अलावा, किसानों को सालाना आर्थिक मदद दी गई है और 50 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा मिला है। मोदी सरकार के कार्यकाल में देश का उत्पादन और निर्यात बढ़ा है, जिससे प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है। कृषि, डेयरी और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दी है। शर्मा ने बताया कि मोदी सरकार ने ‘स्टार्टअप क्रांति’ के ज़रिए युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर पैदा किए हैं। साथ ही, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि “सेवा ही संगठन” का मंत्र भाजपा कार्यकर्ताओं के जीवन का आधार बन गया है। इस अवसर पर हरोली से पूर्व भाजपा प्रत्याशी राम कुमार, जिला महामंत्री पी.एल. भारद्वाज और लखबीर लखी सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *