कॉपरेटिव बैंक घोटाले में ED का एक्शनः पूर्व सांसद अरेस्ट

Written by

in

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता कुलदीप राय शर्मा तथा दो अन्य को सहकारी बैंक ऋण ‘‘धोखाधड़ी’’ से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार कर लिया। केंद्र शासित प्रदेश में धनशोधन निरोधक कानून के तहत संघीय जांच एजेंसी द्वारा पहली बार इस तरह की गिरफ्तारियां की गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 57 वर्षीय शर्मा अंडमान निकोबार राज्य सहकारी बैंक (एएनएससीबी) के पूर्व अध्यक्ष हैं। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किये गए दो अन्य लोगों में बैंक के प्रबंध निदेशक के मुरुगन और बैंक के ऋण अधिकारी के कलैवानन शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि विशेष पीएमएलए कोर्ट ने उन लोगों को 3 से 8 दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया है। यह जांच एएनएससीबी में कथित धोखाधड़ी से संबंधित है।

ईडी ने बताया कि उसकी जांच से पता चला कि बैंक की निर्धारित प्रक्रियाओं और दिशानिर्देशों की पूरी तरह से अवहेलना करते हुए विभिन्न फर्मों और मुखौटा कंपनियों के नाम पर 100 से अधिक खातों के माध्यम से ऋण स्वीकृत किए गए थे और धोखाधड़ी में शामिल राशि 500 करोड़ रुपये से अधिक है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *