चावल और चीनी से भरे जहाज में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

Written by

in

नई दिल्लीः गुजरात के पोरबंदर में सुभाषनगर जेट्टी पर चावल और चीनी से भरे जहाज (मालवाहक नाव) में आग लग गई। घटना के दौरान लोगों में हड़कंप मच गया। दरअसल, नाव में चावल और चीनी की बोरियां लदी हुई थीं, जिस कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 3 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं।

जानकारी के अनुसार, यह नाव जामनगर स्थित एचआरएम एंड संस कंपनी की है और सोमालिया के बोसासो बंदरगाह के लिए रवाना होने वाली थी। नाव में चावल जैसा ज्वलनशील सामान भरा होने के कारण आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। खतरे को भांपते हुए और बंदरगाह को किसी बड़े नुकसान से बचाने के लिए अधिकारियों ने एक साहसिक कदम उठाया।

उन्होंने तुरंत नाव को रस्सियों की मदद से खींचकर समुद्र के बीच में पहुंचा दिया ताकि आग पर काबू पाने की प्रक्रिया को सुरक्षित रूप से अंजाम दिया जा सके और आग दूसरी नावों या जेट्टी तक न फैले। फिलहाल, दमकलकर्मी समुद्र के बीच में नाव पर लगी आग को बुझाने के चुनौतीपूर्ण कार्य में जुटे हुए हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और घटना में हुए नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *