Wrong Side से आ रहे Truck ने बच्चे को कुचला, गुस्साए परिजनों ने किया रोड जाम

Written by

in

चाईबासाः मुख्य सड़क पर सिंहपोखरिया रेलवे स्टेशन के पास ट्रक द्वारा 10 वर्षीय मासूम को कुचलने का मामला सामने आया है जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा सुबह अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। तभी गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। घटना के तुरंत बाद आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए। उन्होंने चाईबासा-जगन्नाथपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। उनका कहना था कि जब तक प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं आते, वे आंदोलन खत्म नहीं करेंगे।

जानकारी देते सिंहपोखरिया के ग्रामीण मुंडा सोना सवैंया ने बताया कि इस सड़क पर हादसे आम हो चुके हैं। इसके पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है। हर बार प्रशासन और नेताओं की ओर से मुआवजे का आश्वासन तो दिया जाता है, लेकिन पीड़ित परिवारों को अब तक राहत राशि नहीं मिली। इसी कारण ग्रामीणों का गुस्सा इस बार और भड़क उठा। उनका कहना है कि बार-बार की लापरवाही से उनकी जान खतरे में है। ग्रामीणों ने सड़क जाम के दौरान साफ कहा कि जब तक स्थानीय विधायक और झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ मौके पर नहीं आते, वे आंदोलन खत्म नहीं करेंगे।

ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार सिर्फ कागज पर सुरक्षा की बातें करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर न तो स्पीड ब्रेकर बने हैं और न ही वाहनों की रफ्तार रोकने का कोई इंतजाम है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *