बद्दी के युवा कार्यकर्ता संदीप चौधरी को भारतीय शैली कुश्ती संघ में मिली जिला की बड़ी जिम्मेदारी

Written by

in

बद्दी/ सचिन बैंसल: बद्दी क्षेत्र के युवा समाजसेवी और खेलों के प्रति गहरी रुचि रखने वाले संदीप चौधरी को भारतीय शैली कुश्ती संघ ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें हिमाचल प्रदेश भारतीय शैली कुश्ती संघ का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति की घोषणा संघ के राष्ट्रीय महासचिव गौरव सचदेवा ने की। संदीप चौधरी के जिला अध्यक्ष बनने की खबर से न केवल सोलन जिले में बल्कि पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी है।

संदीप चौधरी दून विधानसभा क्षेत्र की ढेला पंचायत से संबंध रखते हैं। वह लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों और खेलों को बढ़ावा देने के कार्यों में सक्रिय रहे हैं। क्षेत्र में उन्हें एक ऊर्जावान और समर्पित युवा कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है। विशेषकर खेलों के क्षेत्र में उनकी रुचि और पहल ने उन्हें युवाओं के बीच लोकप्रिय बना दिया है। यही कारण है कि संगठन ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। भारतीय शैली कुश्ती संघ के जिला अध्यक्ष के रूप में संदीप चौधरी अब प्रदेश में पारंपरिक कुश्ती के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं दिलाने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए कार्य करेंगे। अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए संदीप चौधरी ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है और वे पूरी निष्ठा और लगन से इस जिम्मेदारी को निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य कुश्ती खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करना और उन्हें आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना है, ताकि वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय पारंपरिक कुश्ती न केवल हमारी संस्कृति और धरोहर से जुड़ी है, बल्कि यह युवाओं को नशे और बुरी आदतों से भी दूर रखती है। इस खेल को बढ़ावा देने से समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और युवा वर्ग सही दिशा में आगे बढ़ेगा। इस अवसर पर संदीप चौधरी ने अपनी नियुक्ति के लिए जिला बिलासपुर से संबंध रखने वाले युवा समाजसेवी हरीश नड्डा, राष्ट्रीय महासचिव गौरव सचदेवा, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार शेशा, महासचिव दिनेश ठाकुर और विकास राव का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि भारतीय शैली कुश्ती संघ की मजबूती और खिलाड़ियों के उत्थान के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *