BJP के CM पद के उम्मीदवार रहे नेता का हुआ निधन, श्रद्धांजलि देने पहुंचे PM मोदी

Written by

in

दिल्ली: दिल्ली बीजेपी से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। सीनियर बीजेपी नेता प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का 94 साल की उम्र में निधन हो गया है। दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस बात की जानकारी दी है। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “अत्यंत दुख के साथ यह बताना पड़ रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का आज सुबह आकस्मिक निधन हो गया है। वह 94 वर्ष के थे। दिवंगत बीजेपी नेता विजय मल्होत्रा को श्रद्धांजलि देने उनके घर PM नरेंद्र मोदी पहुंचे। प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का जीवन सादगी एवं जनसेवा को समर्पण की मिसाल रहा, उन्होने दिल्ली में संघ की विचारधारा के विस्तार के लिए जनसंघ काल से बहुत काम किया। उनका जीवन हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरणा देता रहा है और देता रहेगा।”

दिल्ली के पूर्व मुख्य कार्यकारी पार्षद एवं सांसद विजय कुमार मल्होत्रा का कुछ दिन से एम्स में इलाज चल रहा था। आज सुबह लगभग 6 बजे उनकी जीवन यात्रा शांत हुई। वह 5 बार सांसद और 2 बार विधायक रहे थे। दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष के साथ ही दिल्ली विधानसभा (2008-2013) में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। बीजेपी ने 2008 में इन्हें सीएम उम्मीदवार बनाया था। 1999 के आम चुनाव में इन्होंने मनमोहन सिंह को चुनाव हराया था। 2004 के आम चुनाव में मल्होत्रा बीजेपी के अकेले प्रत्याशी थे जिन्होंने दिल्ली में जीत हासिल की थी।

विजय कुमार मल्होत्रा ने दिल्ली में बीजेपी को काफी मजबूत किया। वह यहां की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष बनकर पार्टी को दिल्ली में मजबूत आधार प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एमए और हिंदी साहित्य में पीएचडी की थी। वे एक शिक्षा शास्त्री भी थे। मल्होत्रा का राजनीतिक सफर 45 वर्षों से ज्यादा का है क्योंकि वह शुरू में भारतीय जनसंघ से जुड़े रहे और फिर बीजेपी के जमीनी नेता बने। यहां हैरानी की बात ये भी है कि वे दिल्ली में बीजेपी के पहले अध्यक्ष थे और उनका निधन, दिल्ली भाजपा के स्थायी कार्यालय के उद्घाटन (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा) के एक दिन बाद हुआ।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *