महाकुंभ जा रही ट्रेन पर हुआ हमला, की तोड़फोड़, देखें वीडियो

Written by

in

हरपालपुरः मध्यप्रदेश के छतरपुर और हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर रात झांसी से प्रयागराज महाकुंभ जा रही ट्रेन पर स्थानीय यात्रियों ने हमला कर दिया। घटना देर रात करीब 1 बजे की है, जब प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्रियों ने ट्रेन के दरवाजे नहीं खोलने पर आक्रोशित होकर पथराव और तोड़फोड़ कर दी। ट्रेन में बैठे कुछ लोगों को मामूली चोट आई है।पथराव में ट्रेन की कई बोगियों के दरवाजे और खिड़कियों को नुकसान पहुंचा है।

हमले के दौरान ट्रेन में सवार यात्री, महिलाएं और बच्चों में डर दिखा। इस दौरान कुछ यात्रियों ने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में यात्री सुरक्षा की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं। यात्रियों ने बताया कि उपद्रवियों ने ट्रेन में जबरन घुसने की कोशिश की, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल को तत्काल मौके पर बुलाया गया। रेलवे अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

घटना से रेल यातायात प्रभावित हुआ और कई ट्रेनें लेट हुईं। हरपालपुर थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा ने बताया कि रात करीब दो बजे हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर कुछ लोगों ने पथराव किया था। जानकारी लगने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समझाइश देकर ट्रेन को रवाना किया, खजुराहो और छतरपुर में भी लोगों ने उपद्रव किया है।

रेलवे मंडल झांसी के पीआरओ मनोज सिंह ने बताया कि प्रयागराज जाने के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई थी। कुछ महिलाएं और पुरुष ट्रेन के गेट खोलने को कह रहे थे। जब गेट नहीं खुले तो लोगों ने हंगामा किया। वीडियो में कुछ लोग कांच में तोड़फोड़ करते दिख रहे हैं। घटना के दौरान फौरन ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर ट्रेन को रवाना कराया। हमने ओरछा से एक स्पेशल ट्रेन प्रयागराज के लिए चलाई है, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *