बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर में 40 लोग घायल, मची चीख पुकार

Written by

in

झज्जरः हरियाणा में झज्जर के दादरी तोय के पास आज सुबह नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां निजी कंपनी की बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर के कारण बस में सवार 52 यात्रियों में से 40 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना में ट्रक चालक भी चोटिल हुआ। जानकारी के अनुसार, ट्रक ड्राइवर ने डिवाइडर से दूसरी तरफ ट्रक मोड़ा था, जिससे वह सीधा बस से टकराया। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की झपकी (नींद) को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बस झज्जर के सिलानी गेट से फरुखनगर की ओर जा रही थी, जिसमें कुल 52 यात्री सवार थे। ये यात्री ज्यादातर निजी कंपनी के कर्मचारी थे। सुबह करीब 7 बजे दादरी तोय के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक के चालक को अचानक झपकी आ गई। ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में घुस गया और सीधा बस से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक भी घायल होने के कारण मौके पर ही फंस गया, लेकिन स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही झज्जर पुलिस और एम्बुलेंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सिविल अस्पताल ले जाया गया। ट्रक और बस दोनों को क्रेन की मदद से हटाया गया, जिससे हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति रही।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *