Himachal News: महाविद्यालय ऊना के रेड रिबन क्लब का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Written by

in

ऊना/ सुशील पंडित:राजकीय महाविद्यालय ऊना के रेड रिबन क्लब और ईको क्लब की ओर से संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रेड रिबन क्लब द्वारा विद्यार्थियों में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत एड्स जागरूकता संबंधी वीडियो प्रदर्शित किए गए जिनमें सुरक्षित जीवन शैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा एड्स पीड़ितों के प्रति सहानुभूति रखने का संदेश दिया गया ।

 

इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा एड्स जागरूकता रैली निकाली गई जिसमें छात्र-छात्राओं ने तख्तियां और बैनर लेकर “जागरूक युवा -स्वस्थ भारत” , “जानिए, समझिए और बचाव कीजिए”, “एड्स के खिलाफ एकजुट हो देश” और “सुरक्षित जीवन ही सच्ची समझदारी”जैसे नारे लगाए। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा समाज में एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही ईको क्लब के विद्यार्थियों ने “नुक्कड़ नाटक” के माध्यम से प्लास्टिक के प्रयोग से बचने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जिसे सभी ने सराहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं में सामाजिक और पर्यावरणीय जागरूकता ही एक स्वस्थ समाज की नींव है।उन्होंने दोनों क्लबों के प्रयासों की प्रशंसा की ।यह आयोजन रेड रिबन क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. शशि कंवर एवं ईको क्लब के संयोजक प्रो. संजय शर्मा द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।कार्यक्रम में प्रो. प्रोमिला, प्रो. अलका रानी, प्रो. करन कुमार, प्रो. सुनील दत्त, प्रो. निकिता शर्मा सहित अन्य स्टाफ़ सदस्य उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *