Punjab News: पुलिस चौकी पर हमला करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, हैंड ग्रेनेड, 2 पिस्तौल बरामद

Written by

in

अमृतसरः गैंगस्टरों और क्राइम की वारदातों पर नकेल कसने के लिए चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) अमृतसर ने गुप्त सूचना के आधार गुमटाला पुलिस चौकी पर हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि यह एक तरह का नार्को-टेरर मॉड्यूल है। इस ऑपरेशन में गिरफ्तार किए गए 2 मुख्य आरोपी अमेरिका स्थित आतंकी हैप्पी पासिया और ड्रग तस्कर सरवन भोला से जुड़े हुए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बग्गा सिंह निवासी सिरसा और पुष्कर सिंह उर्फ ​​सागर निवासी अमृतसर ग्रामीण के रूप में हुई है। इन दोनों ने 9 जनवरी 2025 को अमृतसर में गुमटाला पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला किया था। पुलिस का कहना है कि यह हमला राज्य में आतंक फैलाने और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के इरादे से किया गया था। शुरुआती जांच में पता चला है कि बग्गा सिंह ड्रग तस्कर सरवन भोला का करीबी रिश्तेदार है। सरवन भोला तस्कर रंजीत सिंह उर्फ ​​चीता का भाई है, जो इस समय 532 किलो हेरोइन मामले में बठिंडा जेल में बंद है। यह मॉड्यूल ड्रग तस्करी के जरिए आतंकी गतिविधियों को फंड कर रहा था।

पुलिस ने आरोपियों से एक हैंड ग्रेनेड, दो आधुनिक पिस्तौल भी जब्त की है। इसके अलावा कई संदिग्ध दस्तावेज और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। अब मोबाइल की फोरेंसिक जांच की जाएगी, ताकि विदेश और भारत में नेटवर्क के बारे में जानकारी मिल सके। इन हमलों के पीछे हैप्पी पासियां ​​का हाथ है, जो यूएसए बेस्ड नेटवर्क चला रहा है। वह कुख्यात आतंकी है, जो विदेशी धरती से भारत में आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा है।

वहीं, सरवन भोला बड़ा ड्रग तस्कर है। जिसका नेटवर्क हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह नार्को-टेरर मॉड्यूल आतंकवाद और ड्रग तस्करी के बीच गहरे संबंधों को उजागर करता है। इस मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *